आइसा ने किया प्रदर्शन, दोषी पुलिस कर्मी पर कार्रवाई की मांग

श्रीनगर गढ़वाल : देहरादून में नर्सिंग अभ्यर्थी के साथ महिला पुलिस कर्मी द्वारा की गई मारपीट पर मंगलवार को आइसा छात्र संगठन ने कड़ा रोष व्यक्त किया। विरोध स्वरूप आइसा ने बिड़ला परिसर गेट के समीप प्रदर्शन करते हुए दोषी पुलिस कर्मी पर कार्रवाई की मांग की है। गढ़़वाल विवि के छात्र संघ उपाध्यक्ष शिवांक नौटियाल, पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष रोबिन असवाल, पूर्व छात्रा प्रतिनिधि प्रियंका खत्री ने कहा कि नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया को पूर्व की भांति वर्षवार करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच कर रहे अभ्यर्थी के साथ पुलिस प्रशासन द्वारा की गई मारपीट दुर्भाग्यपूर्ण है। कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं और वर्दी का दुरुपयोग किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता। बताया कि इस घटना पर कठोर कार्रवाई और जवाबदेही आवश्यक है। उन्होंने दोषी पुलिस कर्मी पर तुरंत कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर अरुणेश, युवराज, अनादि, आयुष, हर्षित, दीक्षा आदि मौजूद थे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *