आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर हुई मैराथन दौड़, गौरव और रीता रहे अव्वल

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी।
जिला युवा कल्याण और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार में आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। मैराथन दौड़ के बालक वर्ग में गौरव और बालिका वर्ग में रीता अव्वल रही।
शशिघर भट्ट स्टेडियम कोटद्वार में आयोजित अमृत महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि बलूनी क्लासेज की निदेशक अभिलाषा भारद्वाज ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन समय-समय पर होना चाहिए। जिससे खेल प्रेमियों को बड़े स्तर पर बेहतरर प्रदर्शन करने का मौका मिल सकेगा। इस दौरान उन्होंने मैराथन दौड़ में हिस्सा लेने पहुंचे 52 बालक एवं बालिकाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत बालक एवं बालिका वर्ग में मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। जिसमें बालिका वर्ग के लिए 05 किलोमीटर तथा बालक वर्ग में लिए 07 किलोमीटर की दौड़ शामिल की गई थी। संबंधित विभागों की ओर से प्रथम से छठवां स्थान प्राप्त करने वाले बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा मुख्य अतिथि अभिलाषा भारद्वाज ने अपनी ओर से बालक एवं बालिका वर्ग में बेहतर प्रदर्शन करने पर प्रथम को 2100, द्वितीय को 1100 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 500 की धनराशि देकर सम्मानित किया। मैराथन दौड़ बालक वर्ग में गौरव प्रथम, तालिप द्वितीय, विनीत तृतीय, जतिन थापा चतुर्थ, सौरभ पंचम तथा अजय ने छठवां स्थान प्राप्त किया। जबकि बालिका वर्ग में रीता प्रथम, मीनाक्षी बिष्ट द्वितीय, पुष्पा तृतीय, प्रिया कुकरेती चतुर्थ, पुष्पांजलि पंचम तथा सोमैया ने छठवां स्थान हासिल किया। इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी गणेश थपलियाल, खेल विभाग से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी प्रजापति कुकरेती, स्टेडियम प्रभारी संदीप डुकलान, सहायक प्रशिक्षक महेश्वर नेगी, व्यायाम प्रशिक्षक प्रवीन बिष्ट, सुनील रावत, मनोज नेगी, धीरेंद्र सिंह कंडारी, वरुण भट्ट, मान सिंह, महेंद्र सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *