देश-विदेश

आम आदमी पार्टी ने जारी की 40 स्टार प्रचारकों की सूची, इनमें से कई नेता जेल में बंद

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के दौरान दिल्ली में प्रचार करने के लिए अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में पार्टी ने जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल को सबसे प्रमुखता से जगह दी है। पार्टी ने शनिवार को निर्वाचन आयोग को भेजे एक पत्र में अपने स्टार कैंपेनर्स के नाम बताए। इसके साथ ही पार्टी ने हरियाणा में भी प्रचार के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की।
दिल्ली के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में सीएम केजरीवाल और उनकी पत्नी के अलावा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, पार्टी नेता मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, सांसद संजय सिंह, राघव चड्ढा, दिल्ली के मंत्री गोपाल राय, आतिशी, सौरभ भारद्वाज, कैलाश गहलोत, दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय, स्वाती मालीवाल के नाम शामिल हैं।
लिस्ट में बताए गए अन्य नामों में डॉ संदीप पाठक, पंकज कुमार गुप्ता, एनडी गुप्ता, इमरान हुसैन, राखी बिडलान, हरपाल सिंह चीमा, अमन अरोरा, अनमोल गगन मान, चेतन सिंह, हरजोत सिंह बैंस, बलकार सिंह, दिलीप पाण्डेय, दुर्गेश पाठक, जितेन्दर सिंह तोमर, जरनैल सिंह, रितुराज झा, राजेश गुप्ता, गुलाब सिंह यादव, संजीव झा, मुकेश अहलावत, पंकज गुप्ता (भैयाजी), सारिका चौधरी, विशेष रवि, अखिलेश पति त्रिपाठी, अमानतुल्लाह खान, डॉ निम्मी रस्तोगी और अंजलि राय के नाम शामिल हैं।
तीन नेता जेल में, एक विदेश में
पार्टी ने जिन 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है, उनमें से कई नेता फिलहाल पार्टी के लिए प्रचार करने की स्थिति में नहीं हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जहां दिल्ली के कथित शराब नीति घोटाले से जुड़े मामलों में फिलहाल जेल में बंद हैं। वहीं पार्टी सांसद राघव चड्ढा अपनी आंखों की सर्जरी के चलते बीते कुछ महीनों से इंग्लैंड में हैं। ईडी ने सत्येंद्र जैन को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 30 मई 2022 को गिरफ्तार किया था। वहीं मनीष सिसोदिया को दिल्ली एक्साइज ड्यूटी नीति से जुड़े कथित घोटाले के मामले में सीबीआई ने 26 फरवरी 2023 को गिरफ्तार किया था। जबकि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इस मामले में 21 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। जिसके बाद से वे फिलहाल न्यायिक हिरासत के तहत तिहाड़ जेल में बंद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!