जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : गढ़वाल मंडल के सुदूरवर्ती क्षेत्रों तक भी यात्रियों को बसों की सुविधा मिल सकेगी। संभागीय परिवहन प्राधिकरण गढ़वाल संभाग की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में कोटद्वार में दो सिटी बसें संचालित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही केवी पौड़ी के स्कूली छात्रों को यातायात की सुविधा उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। आयुक्त ने नवनिर्मित मोटर मार्गों पर वाहन संचालन से पहले पूर्ण रूप से उपयुक्त पाए जाने के बाद ही यातायात अनुमोदन के लिए प्राधिकरण के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणदायी संस्थाओं से मोटर मार्गों पर पैराफिट और क्रश बैरियर लगाने को कहा।

गढ़वाल मंडल आयुक्त व संभागीय परिवहन प्राधिकरण के अध्यक्ष आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में गुरूवार को हुई बैठक में टैक्सी, मैक्सी, बस आदि वाहन परमिटों में अतिरिक्त शर्तें निर्धारित करने, विभिन्न परिवहन कंपनियों की बसों के पहाड़ी क्षेत्रों से देहरादून तक मार्ग विस्तार और हल्द्वानी-अल्मोड़ा संभाग के मार्गों को गढ़वाल संभाग से जोड़ने के प्रस्तावों पर चर्चा हुई। बैठक मेें परिवहन कंपनियों और टैक्सी-मैक्सी यूनियनों के पदाधिकारी ने आयुक्त के समक्ष विभिन्न समस्याएं रखीं। इस मौके पर परिवहन उपायुक्त शैलेश तिवारी, नगर आयुक्त पीएल शाह, प्राधिकरण सचिव द्वारिका प्रसाद, हरदीप सिंह आदि मौजूद रहे।