उत्तरकाशी। सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा व आयुक्त एवं सचिव राजस्व परिषद रंजना राजगुरु ने स्वास्थ्य सुविधाओं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने आयुर्वेदिक अस्पताल में दवाओं के स्टॉक की रोजाना जांच के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि अस्पतालों में दवा की उपलब्धता, चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति और राजस्व संबंधी मामलों का समयबद्ध निस्तारण करें ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। जनपद भ्रमण के दौरान राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल के निरीक्षण में सचिव ने दवाओं के स्टॉक, चिकित्सकों की संख्या, दैनिक ओपीडी और मरीजों से मिले फीडबैक के आधार पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने दवाओं के स्टॉक की प्रतिदिन जांच, अस्पताल में साफ-सफाई और आयुर्वेदिक उपचार व पंचकर्म सेवाओं का सुचारु संचालन के निर्देश दिए। पुरुष एवं महिला पंचकर्म कक्षों, वार्डों, योग कक्ष और ओपीडी का निरीक्षण करने के साथ कैंटीन की उपलब्धता के लिए भी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। इसके बाद जिला सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में राजस्व वादों के जल्द निस्तारण, एग्रीस्टैक एवं फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों को समय पर पूरा करने और निर्माणाधीन भवनों की प्रगति की समीक्षा की गई। सचिव ने ई-ऑफिस और डिजिटाइजेशन को बढ़ावा देने, सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत समयसीमा में सेवाएं देने व सीएम हेल्पलाइन 1905 की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रमाणपत्र जारी करने में दस्तावेजों की जांच में सतर्कता बरतने को कहा। बैठक में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।