देहरादून;जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने सहसपुर, बड़ा रामपुर, छोटा रामपुर, झाझरा और सुद्धोवाला क्षेत्र के मेडिकल स्टोरों पर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई मेडिकल स्टोरों में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर पांच प्रतिष्ठानों को तत्काल बंद कर दवाइयों के क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी गई है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी के नेतृत्व में टीम ने मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस, फार्मासिस्ट की उपस्थिति, दवाइयों के रखरखाव, एक्सपायरी दवाओं, सीसीटीवी व्यवस्था, फ्रिज की स्थिति और औषधियों के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेखों की जांच की। निरीक्षण के दौरान बालाजी मेडिकोज में फार्मासिस्ट और मालिक अनुपस्थित मिले। फ्रिज खराब था और उसमें रखी अधिकांश दवाइयां एक्सपायर मिलीं। सभी एक्सपायर दवाइयां जब्त कर स्टोर को बंद करा दिया गया। पर्व मेडिकल स्टोर में छह माह पहले एक्सपायर हो चुकी दवाइयां मिलीं और नारकोटिक्स दवाओं के बिल भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके चलते उसे भी बंद कर दिया गया। जनता मेडिकल स्टोर में खराब फ्रिज में रखे इंजेक्शन खराब अवस्था में मिले, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। सीसीटीवी भी बंद मिला। स्टोर को सील कर दवाइयों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। शंभु मेडिकल स्टोर में सीसीटीवी और एक्सपायर दवाओं के रखरखाव की व्यवस्था नहीं मिलने पर सभी व्यवस्थाएं पूरी होने तक संचालन रोकने के निर्देश दिए गए।
वहीं हेल्थ केयर फार्मेसी में फार्मासिस्ट और मालिक दोनों अनुपस्थित मिले और गंभीर अनियमितताओं के चलते उसे भी बंद करा दिया गया।