जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला कार्यालय सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल में दर्ज शिकायतों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायतों से संबंधित प्रगति की निरंतर समीक्षा की जाएगी। कहा कि बिना कारण देरी पर अथवा शिकायतों का निस्तारण न करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम पोर्टल पर दर्ज सभी शिकायतों का गुणवत्तापरक, समयबद्ध एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल शिकायत निस्तारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर जनपद में अलग-अलग विभागों में दर्ज शिकायतें निस्तारण हेतु दर्ज हैं। जिनमें एल-1 में 57, जबकि एल-2 में कुल 28 शिकायत लंबित हैं। जिनके निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।