अल्मोड़ा। भाजपा कार्यकर्ता संवाद गोष्ठी के तहत शुक्रवार को चौखुटिया पहुंचे सांसद अजय टम्टा ने कार्यकर्ताओं को 2024 के लोकसभा चुनाव की सफलता के टिप्स दिए। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। हर कार्यकर्ता से जन-जन के बीच में पहुंचकर सरकार के कार्यक्रमों की जानकारी देने के साथ लाभ पहुंचाने को कहा। इससे पूर्व मासी में कार्यकर्ताओं की बैठक सांसद ने ली। उन्होंने रामनगर- गैरसैंण रेलवे लाइन जल्द बनाने की बात भी कही।
केंद्र की मोदी सरकार की चलाई जा रही विभिन्न गरीब कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि कार्यकर्ता हर संभव प्रयास के साथ योजनाओं को पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में एकजुट होकर कार्य करेगा। विकास कार्यों के साथ आम जनता के साथ कार्यकर्ताओं से आत्मीयता का भाव लाने को कहा। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शीघ्र ही रामनगर से गैरसैण रेलवे लाइन का निर्माण होगा। बिना किसी स्थान का नाम लिए कहा कि जल्द चौखुटिया में हवाई जहाज भी उतारने की तैयारी चल रही है। इससे पूर्व मासी में भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी। जनता से सीधे संवाद कर केंद्र की योजनाओं की जानकारी देने को कहा। चौखुटिया व मासी मंडल के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। संचालन मुकेश पांडे ने किया।