Uncategorized

अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

चमोली। भारतीय संविधान की 71वीं वर्षगांठ पर चमोली जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कलक्ट्रेट परिसर में प्रभारी जिलाधिकारी हंसादत्त पांडे एवं अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार चनियाल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई। प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि हमें संविधान में दिए मौलिक अधिकारों की रक्षा के साथ ही कर्तव्यों का पालन भी तत्परता से करना चाहिए। संविधान के प्रति निष्ठा और सम्मान रखते हुए देश में शांति, सद्भाव और सामाजिक समरसता बनाए रखना भी हम सबका दायित्व है। उन्होंने सभी से संविधान के महत्व को समझते हुए उसे आत्मसात करने और संविधान की प्रस्तावना का पालन करते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों एवं कर्तव्यों का निर्वहन करने की बात कही। सभी तहसील एवं ब्लाक मुख्यालयों पर भी संविधान को आत्मसात करने और संविधान की प्रस्तावना का पालन करने की शपथ ली गई।
दूसरी ओर नेहरू युवा केंद्र व सीसीटी कंप्यूटर सेंटर में संविधान दिवस पर क्विज का आयोजन किया गया, जिसमें आशीष प्रथम व प्रिया दूसरे स्थान पर रहे। लोक संस्कृति पर कार्य करने वाले कलाकार कैलाश भट्ट के हाथों प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कांग्रेस पार्टी ने मुख्य कार्यालय में बाबा साहिब भीमराव आंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। शिल्पकार कल्याण सभा व अन्य संगठनों ने भी संविधान दिवस पर बाबा साहिब के कार्यों को याद कर देश की एकता, अखंडता की शपथ ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!