चंपावत में हुई वाहन दुर्घटना में प्रशासन ने जारी की 14 मृतकों की सूची, दो घायलों का चल रहा उपचार

Spread the love

 

चंपावत । उत्तराखंड के चंपावत में सोमवार देर रात को एक बड़ी अनहोनी हो गई है। चंपावत जिले के डांडा क्षेत्र में सोमवार रात बरात से लौट रहा एक वाहन खाई में गिरा, जिसमें 14 बरातियों की मौत होने की सूचना है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को निकालने के रेस्क्यू अभियान चलाया। शाम 4़20 बजे तक सभी शवों को खाई से निकाल लिया गया। गंभीर घायल दो लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
टनकपुर-चम्पावत हाईवे से जुड़ी सूखीढांग-डांडामीनार रोड पर वाहन दुर्घटना में 16 में से 14 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल चालक और एक अन्य व्यक्ति को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। वाहन में सवार सभी लोग टनकपुर के पंचमुखी धर्मशाला में हुई शादी में शामिल होकर घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि बीती रात 3 बजकर 20 मिनट के लगभग वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।
ककनई निवासी लक्ष्मण सिंह के बेटे मनोज सिंह की शादी में शामिल होने सभी गए थे। ज्यादातर मृतक लक्ष्मण सिंह के सगे संबंधी बताए जा रहे हैं। चालक की हालत ज्यादा गंभीर है। मृतक ककनई के डांडा और कठौती गांव के हैं। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन क्षमता से अधिक सवारी होने से दुर्घटना की आशंका मानी जा रही है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जिलाधिकारी श्री विनीत तोमर ने बताया कि रेस्क्यू टीम, एसडीआरएफ, प्रशासन एवं स्थानीय नागरिकों की सहायता से 14 लोगों के शवों को निकाल लिया गया है। दो घायलों को चिकित्सा उपचार हेतु टनकपुर अस्पताल में भेजा गया है। मौके पर जिलाधिकारी श्री विनीत तोमर, पोलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पींचा, एसडीएम हिमांशु कफल्टिया, सीओ टनकपुर, तहसीलदार पिंकी आर्य डीडीएमओ मनोज पांडे आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *