काबुल , एजेंसी। 20 साल तक अफगानिस्तान की सत्ता से बेदखल रहने के बाद तालिबान ने एक बार फिर यहां का नियंत्रण हासिल कर लिया है। लेकिन, अफगानिस्तान में चल रहे सत्ता परिवर्तन के इस संकट के बीच मंगलवार की शाम को देश के पहले उपराष्ट्रपति अमरुल्लाह सालेह ने बड़ा एलान किया है। सालेह ने खुद को अफगानिस्तान का कार्यवाहक राष्ट्रपति घोषित किया है। उन्होंने कहा कि मैं देश के सभी नेताओं से उनके सहयोग और समर्थन के लिए संपर्क कर रहा हूं।
अमरुल्लाह सालेह ने एक ट्वीट में लिखा, अफगानिस्तान के संविधान के अनुसार राष्ट्रपति की अनुपस्थिति, उनके देश से भागने, इस्तीफे या मृत्यु की स्थिति में पहला उप राष्ट्रपति कार्यवाहक राष्ट्रपति होता है। मैं इस समय देश में ही हूं और वैध कार्यवाहक राष्ट्रपति हूं। मैं सभी नेताओं के पास उनके समर्थन और सहयोग के लिए पहुंच रहा हूं। उल्लेखनीय है कि अभी तक अमरुल्लाह सालेह की इस घोषणा पर तालिबान की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
असम और मिजोरम के बीच जारी सीमा विवाद और गहराता जा रहा है। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने मिजोरम के अधिकारियों के हवाले से बताया कि असम पुलिस ने मंगलवार को सीमा पर खुलेआम फायरिंग की, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। फिलहाल सीमाई क्षेत्र में तनाव बरकरार है।
बता दें कि पिछले महीने ही असम और मिजोरम में पुलिसबलों के बीच सीमा विवाद को लेकर ही हिंसा भड़क उठी। तब तनाव के कारण हुई गोलीबारी में असम पुलिस के कम से कम छह जवानों की मौत हो गई और एक पुलिस अधीक्षक समेत 50 अन्य घायल हो गए। झड़प के बाद दोनों राज्यों के पुलिस बल सीमा पर तैनात किए गए थे। हालांकि, बाद में दोनों राज्यों की सीमा पर सीआरपीएफ को तैनात कर दिया गया था।