कोटद्वार-पौड़ी

दीपावली संपन्न होने के बाद मैदान के लिए बढ़े यात्री, चलाई अतिरिक्ति बसें

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

दिल्ली, देहरादून, गुरुग्राम के लिए बढ़ी यात्रियों की संख्या
रोडवेज ने मैदानी क्षेत्रों के लिए चलाई अतिरिक्त बसें
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दीपावली के बाद अब मैदान के लिए यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। मंगलवार को दिल्ली, गुरुग्राम सहित अन्य क्षेत्रों के लिए जाने वाले यात्रियों को सीट के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। रूट पर बढ़ी यात्रियों की संख्या को देखते हुए रोडवेज की ओर से अतिरिक्त बसों का संचालन भी किया गया।
दीपावली त्योहार मनाने के लिए बड़ी संख्या में प्रवासी अपने गांव पहुंचे थे। चार दिन पूर्व जहां पहाड़ जाने वाले यात्रियों की संख्या में इजाफा देखने को मिला था वहीं, अब दीपावली के बाद मैदान की ओर लौटने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। मंगलवार सुबह से ही पहाड़ से यात्रियों से भरे वाहन कोटद्वार पहुंच रहे थे। यहां से दिल्ली, देहरादून, गुरुग्राम सहित अन्य क्षेत्रों को जाने के लिए यात्रियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। अड्डे से सड़क पर आते ही वाहनों की सीट फुल हो जा रही थी। यहां तक की कई यात्री खिड़की के रास्ते सामान डालकर सीट घेरने का भी प्रयास करते हुए नजर आए। दिल्ली, चंडीगढ़ के लिए बस अड्डे से ही टिकट बनाने की व्यवस्था की गई थी। इसके लिए भी यात्रियों को घंटों लाइन में लगकर इंतजार करना पड़ा। मैदान के लिए कई रूटों पर उत्तर प्रदेश की बसों का संचालन होने से काफी राहत मिली।
शहर में लगता रहा जाम
दीपावली की छुट्टी पूरी होने के बाद अधिकांश लोग वापस अपने काम पर लौटने लगे हैं। यही कारण था कि पहाड़ से मैदान को जाने वाले वाहनों के कारण शहर में भारी जाम की स्थिति देखने को मिली। व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सबसे बुरी स्थिति स्टेशन रोड, बदरीनाथ मार्ग, नजीबाबाद रोड की बनी हुई थी। पूरे दिन वाहन सड़कों पर रेंग-रेंगकर चलते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!