दोपहर बाद बदला मौसम का मिजाज, ओले के साथ बरसा

Spread the love

देहरादून। राजधानी देहरादून समेत राज्य में बुधवार को आधे दिन चटख धूप खिली रही। दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया और आसमान में बादल छा गए। इस दौरान तेज हवाएं भी चलने लगीं। जिसके बाद बारिश शुरू हो गई। इसी तरह हरिद्वार में भी हल्की बारिश हुई।
ऋषिकेश में मूसलाधार बारिश हुई। बागेश्वर में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। नैनीताल में सुबह तेज बारिश हुई जिसके बाद धूप खिल आई। दोपहर बार यहां फिर बारिश के आसार बन गए। राज्य के पर्वतीय जिले उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में कई जगहों में भारी बारिश के साथ बर्फबारी और बिजली भी गिरी हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक उत्तरकाशी, टिहरी, देहरादून, नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में कई स्थानों पर ओलावृष्टि के साथ बारिश हुयी है। मैदानी जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चली। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और थंडर स्टार्म की सक्रियता के चलते पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा।
तेज अंधड़ व बूंदाबांदी से बदला मौसम का मिजाज
राजधानी देहरादून व आसपास के इलाकों में शाम चार बजे पहले तो तेज हवाएं चलीं और फिर आसमान में काले घने बादल छाए। हालांकि कुछ देर के लिए हल्की बूंदाबांदी भी हुई डेढ़ घंटे तक राजधानी व आसपास के इलाकों में मौसम का मिजाज बदला रहा। थोड़ी देर बाद बादल छंट गए और धूप निकल आई। दूसरी ओर तेज हवाओं के चलते राजधानी के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। इसके चलते लोगों को परेशानियों का भी सामना करना पड़ा।
नैनीताल में मौसम ने कई रंग बदले
सुबह से ही आसमान में हल्के बादलों ने डेरा जमाए रखा, लेकिन हल्की धूल के भी दीदार होते रहे। अपराह्न ढाई बजे से गरज चमक के साथ पहले बारिश और उसके बाद रुक-रुक कर ओलावृष्टि का दौर शुरू हो गया। यह क्रम शाम छह बजे तक अनवरत जारी रहा। बता दें कि नगर में बीते एक पखवाड़े से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। अपराह्न ढाई बजे से शुरू हुई ओलावृष्टि और बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। शहीद मेजर राजेश अधिकारी राजकीय इंटर कॉलेज के मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी प्रताप बिष्ट के मुताबिक शाम 6 बजे तक सात मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी।
चमोली जिले में फिर हुई बारिश-बर्फबारी
चमोली जनपद में इन दिनों दोपहर बाद रोज बारिश और बर्फबारी हो रही है। बदरीनाथ धाम की चोटियों के साथ ही जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश हुई। गोपेश्वर में ड्रेनेज सिस्टम सही न होने से बारिश का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है।
बारिश, बर्फबारी से जिले में मौसम ठंडक भरा हो गया है। वहीं आपदा प्रभावित घाट ब्लॉक में लोग बारिश होने पर सहम जा रहे हैं। गोपेश्वर के साथ ही जोशीमठ, पीपलकोटी, पोखरी, घाट, नंदप्रयाग, उर्गम, निजमूला घाटी में भी बारिश का दौर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *