वायु प्रदूषण: दिल्ली में अगले आदेश तक स्कूल बंद

Spread the love

-ऑनलाइन जारी रहेंगी कक्षाएं
-शिक्षा निदेशालय ने जारी किया आदेश
नई दिल्ली, एजेंसी : राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण के चलते सभी स्कूल अगले आदेश तक बंद रहेंगे, लेकिन ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेगी। शिक्षा निदेशालय द्वारा रविवार को इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। दिल्ली में वायु गुणवत्ता आज भी ‘बेहद खराब’ बनी हुई है। हालांकि, दिन में तेज हवाएं चलने से प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आने की संभावना है। राजधानी में रविवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 382 रहा, जोकि शनिवार को 374 था।
बीते सप्ताह दिल्ली में वायु गुणवत्ता खतरनाक स्तर पर पहुंचने और सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद हरकत में आई केजरीवाल सरकार ने 1 सप्ताह के लिए सभी स्कूल बंद कर दिए थे और सभी सरकारी कार्यालयों में 1 सप्ताह के लिए वर्क फ्राम होम लागू करने के आदेश दिए थे। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बीते रविवार को कहा था कि वायु प्रदूषण से निपटने को सरकार द्वारा घोषित आपात कदमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिसूचना के तहत सभी स्कूल, लाइब्रेरी और शिक्षण संस्थान 20 नवंबर तक बंद रहेंगे, सिर्फ वहीं खुलेंगे जहां परीक्षाएं चल रही हैं।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय अत्यधिक प्रदूषण को काबू करने के लिए दिल्ली लगाए गए प्रतिबंधों की समीक्षा के लिए सोमवार 22 नवंबर को वरिष्ठ अधिकारियों की एक हाई लेवल मीटिंग बुलाई है। एक अधिकारी ने कहा कि बैठक रविवार को समाप्त होने वाले प्रतिबंधों की समीक्षा के लिए बुलाई गई है। इस बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। दिल्ली सरकार ने प्रदूषण को काबू करने के लिए बुधवार को 10 निर्देश जारी किए थे, जिनके तहत शहर में अनावश्यक सामग्रियां लाने वाले ट्रकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया था और अगले आदेश तक सभी स्कूलों और कॉलेजों को बंद कर दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *