लखीमपुर खीरी मामले पर अजय मिश्र टेनी ने कहा, विपक्ष के आरोप साबित हुए तो छोड़ दूंगा राजनीति

Spread the love

नई दिल्ली, एजेंसी। कई महीनों तक विपक्ष के निशाने पर रहने के बाद केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी सोमवार को किसी मंच पर नजर आए। उन्होंने लोकसभा में आपराधिक प्रक्रिया (पहचान) विधेयक पेश किया। इस दौरान विपक्ष द्वारा लखीमपुर खीरी हिंसा का मामला उठाए जाने पर मिश्र ने कहा कि यदि मेरे खिलाफ आरोप साबित हुए तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।
दरअसल, केंद्रीय मंत्री जब विधेयक सदन में प्रस्तुत कर रहे थे तो विपक्षी सदस्यों ने लखीमपुर खीरी कांड में कथित रूप से अजय मिश्र के बेटे की भागीदारी का मामला उठाने का प्रयास किया। पिछले साल अक्टूबर में षि कानून विरोधी प्रदर्शन के दौरान आठ लोगों की मौत हो गई थी। इनमें चार किसान थे। इस मामले में मिश्र के बेटे आशीष को भी गिरफ्तार किया गया था। बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने जब मिश्र के खिलाफ कुछ टिप्पणियां कीं तो उन्होंने विपक्षी नेता को अपना आरोप साबित करने की चुनौती दे डाली। मंत्री ने कहा, मैं अधीर रंजन चौधरी से कहना चाहता हूं कि मैंने 2019 में लोकसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था। अगर मेरे खिलाफ एक भी मुकदमा पाया जाएगा, यदि मैं एक मिनट के लिए भी जेल गया होऊंगा, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।
उल्लेखनीय है कि लखीमपुर खीरी में हिंसा के बाद से अजय मिश्र लो प्रोफाइल बने हुए थे, क्योंकि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में यह एक बड़ा मुद्दा बन गया था। विपक्षी नेता उनको मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *