नई टिहरी। टिहरी बांध की झील कोटीकॉलोनी में आयोजित 25वें ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर की सभी तैयारियां पूरी कर दी गई हैं। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली महिला और पुरुष वर्ग की सभी 19 टीमें कोटीकॉलोनी पहुंच गई है। आईटीबीपी के डीआईजी रवि कुमार ने बताया कि ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की ओर से आयोजित वाटर स्पोर्ट्स की मेजबानी आईटीबीपी को सौंपी गई है। आज आठ अप्रैल से शुरू होने वाले पांच दिवसीय वाटर स्पोर्ट्स में शामिल होने वाली सभी 19 टीमों में शामिल आईटीबीपी, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ, एसएसबी, असम राइफल, आंध्रा प्रदेश पुलिस, अंडमान पुलिस, चंडीगढ़ पुलिस, जेएंडके पुलिस, महाराष्ट्रा पुलिस, मणिपुर पुलिस, मध्य प्रदेश पुलिस, ओडिसा पुलिस, पंजाब पुलिस, राजस्थान पुलिस, तमिलनाडू पुलिस, तेलांगाना पुलिस और यूपी पुलिस के सभी 440 महिला और पुरुष खिलाड़ी टिहरी पहुंच गए हैं।प्रतिभागियों के बीच कैनोइंग की 18, कयाकिंग की 18 और रोइंग की 16 रेस आयोजित की जाएगी। डीआईजी ने बताया कि कैनोइंग और कयाकिंग में 200 मीटर, 500 और 1000 मीटर की दौड़ आयोजित की जाएंगी। जबकि रोइंग में 500 मीटर और 2000 मीटर लंबी रेस कराई जाएगी। प्रतियोगिता का समापन 12 अप्रैल को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री आज सुबह नौ बजे कोटीकॉलोनी पहुंचकर अखिल भारतीय स्तर के वाटर स्पोर्ट्स का उद्घाटन करेंगे।