तीन माह की फीस एक साथ लिए जाने का अभिभावकों ने किया विरोध

Spread the love

नई टिहरी। ऑल सेंट्स कांवेंट स्कूल नई टिहरी की ओर से एक साथ तीन माह की फीस लिए जाने का अभिभावकों ने विरोध किया है। जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में अभिभावकों ने फीस सहित 15 सूत्री मांगों का जल्द निराकरण करने की गुहार लगाई है। अभिभावक सीमा भट्ट, माधुरी, गीता भट्ट, मीना राणा, भुमनेश्वरी, सीमा तड़ियाल आदि ने डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि स्कूल प्रबंधन की ओर से प्रत्येक वर्ष छात्रों से एडमिशन के नाम पर तीन हजार वार्षिक फीस वसूली जा रही है। कक्षा आठ तक के छात्रों से साइंस लैब की फीस ली जाती है जबकि स्कूल प्रबंधन की ओर से कक्षा आठ तक के छात्रों को साइंस लैब में जाना प्रतिबंधित किया गया है। लैंग्वेज लैब बंद होने के बाद भी फीस वसूली जा रही है। जिन छात्रों का कंप्यूटर विषय नहीं है उनसे भी कंप्यूटर फीस ली जाती है। एक्टिविटी के नाम पर 500 रुपये अतिरिक्त चार्ज लिया जा रहा है। सभी कक्षाओं की किताबों को प्रत्येक वर्ष बदलाव कर अभिभावकों को नए किताबें खरीदने को मजबूर किया जाता है। फीस को माह की 10 तारीक तक जमा करना अनिवार्य करने से अभिभावकों पर अनावश्यक दबाव पड़ रहा है। स्कूल शिक्षकों की ओर से बच्चों पर ट्यूशन आने का दबाव बनाया जाता है। अभिभावकों की ओर से कई बार शिक्षक अभिभावक संघ गठन की मांग की गई लेकिन पीटीए का गठन नहीं किया गया। डीएम नीतिका खंडेलवाल ने जिला शिक्षा अधिकारी को अभिभावक और स्कूल प्रबंधन से वार्ता कर शीघ्र मांगों के निस्तारण के निर्देश दिए है। इस मौके पर प्रियंका नैथानी, रीना, अंजू बडोनी, सविता, अनीता, मधु, राजेश लोहानी, चारू मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *