नई टिहरी। टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण करने की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति की मुख्यमंत्री से वार्ता विफल रही। मांग के समर्थन में स्थानीय लोग सोमवार को नौवें दिन भी धरना-क्रमिक अनशन पर डटे रहे। संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल ने बताया कि वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व में हुई घोषणा के अनुसार ही मेडिकल कॉलेज बनाने का आश्वासन दिया।
बौराड़ी गणेश चौक में संयुक्त संघर्ष समिति के बैनरतले 44 संगठनों से जुडे़ लोग मेडिकल कॉलेज निर्माण शुरू करने की मांग को लेकर बीते 16 अगस्त से धरना-क्रमिक अनशन पर बैठे हुए हैं। मामले में वार्ता के लिए सोमवार को भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, विधायक किशोर उपाध्याय के नेतृत्व में संयुक्त संघर्ष समिति से जुड़े 15 लोग मुख्यमंत्री से वार्ता के लिए देहरादून गए थे। समिति के संयोजक डॉ. गोदियाल ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के मामले में मुख्यमंत्री धामी से विस्तार से वार्ता हुई। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि टिहरी में पूर्व घोषणा के अनुसार ही मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से वार्ता के क्रम में लिखित में कुछ भी नहीं दिया गया। समिति ने निर्णय लिया है कि जब तक मेडिकल कॉलेज का शासनादेश जारी नहीं हो जाता तब तक आंदोलन चलता रहेगा।