नई टिहरी। टिहरी और उत्तरकाशी के 98 गांवों में नए भवन निर्माण के लिए नक्शा पास कराने की व्यवस्था को लेकर विरोध के स्वर मुखर होने लगे है। टिहरी झील के समीप आवासीय और गैर आवासीय भवनों का निर्माण करने से पहले टिहरी विशेष क्षेत्र पर्यटन विकास प्राधिकरण (टाडा) से नक्शा स्वीकृत कराने की प्रक्रिया पर स्थानीय लोगों ने विरोध दर्ज किया है।सोमवार को चाह-गडोलिया की जिला पंचायत सदस्य शकुंतला पंवार के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों ने डीएम व टाडा की मुख्य कार्यकारी अधिकारी नितिका खंडेलवाल को ज्ञापन देकर समस्या से अवगत कराया। टाडा की ओर से 21 अगस्त को जारी सूचना के अनुसार टिहरी झील के आसपास बसे भागीरथी और भिलंगना घाटी के 98 गांवों को प्राधिकरण के अंतर्गत शामिल किया गया है। उक्त गांवों में आवासीय और गैर आवासीय भवनों का निर्माण करने से पहले लोगों को नक्शा स्वीकृत करवाना होगा। इस मौके पर ज्येष्ठ उपप्रमुख त्रिलोक बिष्ट, प्रधान मधुबाला भट्ट, रमेश राणा, राकेश कुमाईं, सोहन सिंह राणा, प्रदीप भट्ट, महाजन पंवार, राजेंद्र बिष्ट मौजूद रहे।