कोरोना रोधी टीके व पल्स पोलियो अभियान को एकजुट हों समस्त विभाग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिलाधिकारी गढ़वाल डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने 19 से 25 जून तक चलने वाले पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने और विभिन्न आयुवर्ग के लोगों के कोरोना रोधी टीके की दूसरी दोज को लेकर अधिकारियों को मिलकर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गुरुवार को विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में स्वास्थ्य विभाग, खंड विकास अधिकारियों और संबंधित रेखीय विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना रोधी दूसरी डोज और पल्स पोलियो अभियान के लक्ष्यों को पूर्ण करने के लिए विकासखंडवार कार्ययोजना तैयार करें और उसमें स्वास्थ्य विभाग, खंड विकास अधिकारियों के साथ शिक्षा, बाल विकास, ग्राम्य विकास और पंचायतीराज जैसे विभागों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि टीकाकरण की द्वितीय डोज की प्रगति बढ़ाने के लिए फील्ड निरीक्षण करते हुए उसकी आख्या दें। टीकाकरण में जो ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, बाल विकास कार्मिक, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्मिक लापरवाही बरतता है तो उसकी सूचना भी दें। ताकि संबंधित कार्मिक पर कार्यवाही की जा सके। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि टीकाकरण की गतिविधि को रोस्टर बनाकर पूर्ण करें।
बैठक में सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि कोरोना महामारी की रोकथाम व कोविड टीकाकरण के शत-प्रतिशत लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए जनपद में 10 जून से ‘‘हर घर दस्तक अभियान’’ प्रारम्भ किया जा रहा है। अभियान के दौरान विभागीय टीमों के माध्यम से कोविड टीकाकरण से वंचित लोगों का घर-घर जाकर टीकाकरण किया जायेगा। बताया कि जनपद में प्रथम डोज कोविड टीकाकरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा चुका है, जबकि 92.36 प्रतिशत लोगों को द्वितीय डोज व 39.54 प्रतिशत लोगों को प्रिकॉशन डोज दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि आगामी 10 जून से हर घर दस्तक अभियान के तहत प्रिकॉशन डोज के साथ ही द्वितीय डोज से छूटे लोगों का कोविड टीकाकरण किया जायेगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत आर्य, जिला विकास अधिकारी पुष्पेन्द्र सिंह चौहान, विकासखंडों से खंड विकास अधिकारी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *