29 जून से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा, जुलाई से आरती का लाइव प्रसारण

जम्मू, एजेंसी। केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में वार्षिक श्री अमरनाथ यात्रा 29 जून से शुरू होने की संभावना है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि उपराज्यपाल एवं श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा ने यात्रा की व्यवस्था और तैयारियों पर चर्चा के लिए यहां राजभवन में एक बैठक की अध्यक्षता की। यह 52 दिवसीय वार्षिक तीर्थयात्रा 29 जून को शुरू होने के बाद 19 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन समाप्त होगी।
आधिकारिक सूत्रों ने कहा, “लोकसभा चुनाव के समापन के बाद प्रशासन श्री अमरनाथ यात्रा कि तैयारी जुट जाएगी, यात्रा 29 जून से शुरू होकर 19 अगस्त को समाप्त होने की संभावना है।” उन्होंने कहा कि यात्रा के लिए पंजीकरण अगले महीने के अंत में विभिन्न बैंकों की शाखाओं में शुरू होने की उम्मीद है। यात्रा की आरती का सीधा प्रसारण जुलाई माह से शुरू होगा। गौरतलब है कि पिछले वर्ष बालटाल और पहलगाम मार्गों से एक जुलाई को शुरू हुई अमरनाथ यात्रा के दौरान 4.5 लाख तीर्थयात्रियों ने बर्फानी बाबा के दर्शन किए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *