एक फोन पर पशुओं के उपचार को पहुंचेगी एंबुलेंस

Spread the love

पौड़ी जिले के नौ ब्लॉक को मिली आठ मोबाइल एंबुलेंस
गंभीर बीमार पशुओं को गोशाला व अन्य स्थानों पर किया जाएगा शिफ्ट
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: अब ग्रामीणों को अपने पशुओं के उपचार के लिए पशु चिकित्सालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। पशु पालकों के एक फोन पर पशु मोबाइल एंबुलेंस उनके घर पहुंचेगी और पशुओं का उपचार करेगी। प्रथम चरण में पौड़ी जिले के नौ ब्लॉक को आठ एंबुलेंस मुहैया करवाई गई है। आवश्यकता पड़ने पर पशुओं को नजदीकी गोशाला में शिफ्ट किया जाएगा।
गुरुवार को सिताबपुर स्थित पशु चिकित्सालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष पंडित राजेंद्र अण्थ्वाल ने मोबाइल एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर पर्वतीय क्षेत्रों के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पशुओं के संरक्षण को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है। बीमार पशुओं की सूचना मिलते ही 108 की तर्ज पर सायरन बजाते हुए पशु मोबाइल एंबुलेंस सेवा ग्रामीणों के घर व दरवाजे तक पहुंचेगी। एंबुलेंस में चिकित्सक व फार्मासिस्ट तैनात रहेंगे। कहा कि पशुओं के संरक्षण के लिए आमजन को भी सरकार का सहयोग करना चाहिए। मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डा.डीएस बिष्ट ने कहा कि प्रथम चरण में आठ मोबाइल एंबुलेंस विभाग को मिली हैं। केंद्र सरकार व राज्य सरकार ने पौड़ी जिले को अन्य एंबुलेंस भी उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया है। गुरुवार को दुगड्डा- जहरीखाल, यमकेश्वर-द्वारीखाल, रिखणीखाल-नैनीडांडा, पाबौ-खिर्सू, पौखड़ा-एकेश्वर, पौड़ी-कल्जीखाल के लिए एक-एक एंबुलेंस भेजी गई है। इस मौके पर भाजपा जिलाधिकारी वीरेंद्र रावत, भाबर मंडल अध्यक्ष चंद्रमोहन जसोला, महामंत्री गौरव जोशी, विजय लखेड़ा, राजेंद्र जजेड़ी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *