कोटद्वार-पौड़ी

सिस्टम सख्त, नहीं सुधर रहे वाहन संचालक

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

कार्रवाई के बाद भी शहर में दौड़ रहे ओवरलोड वाहन
आमजन के साथ ही वाहन चालकों को किया जा रहा जागरूक
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: बीरोंखाल सिमड़ी में हुई बस दुर्घटना के बाद भले ही सरकारी सिस्टम ने सख्ती दिखाई हो। लेकिन, आज भी कई वाहन चालक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे। हालत यह है कि लगातार कार्रवाई के बाद भी अधिकांश वाहन चालक शहर में ओवरलोड वाहन दौड़ा रहे हैं। नतीजा, जहां एक ओर उन्हें स्वयं का खतरा है, वहीं वे राहगीरों के लिए भी खतरे का सबब बने हुए हैं।
चार अक्टूबर को बीरोंखाल के सिमड़ी के समीप हुई बस दुर्घटना के बाद यातायात पुलिस लगातार सख्ती दिखा रही है। यही नहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम बाजार व स्कूलों में अभियान चलाकर आमजन को यातायात के प्रति जागरूक कर रही है। बावजूद इसके वाहनों में ओवरलोडिंग नहीं थम रही है। क्षेत्र की सड़कों में कबाड़ से भरे ओवरलोड वाहन दौड़ते हुए आसानी से देखे जा सकते हैं। जरूरत से अधिक माल से भरे यह वाहन कब किसकी जिंदगी पर भारी पड़ जाएं, कहा नहीं जा सकता।

पुलिस से बचने को गलियों का सहारा
यातायात पुलिस की नजरों से बचने के लिए ओवरलोड कबाड़ लेकर जाने वाले वाहन चालक गलियों का सहारा लेते हैं। जिससे, दुर्घटनाओं का अधिक अंदेशा बना रहता है। यही नहीं कई बार यह वाहन बीच सड़क पर ही खराब हो जाते हैं। जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। ओवरलोड वाहनों से सबसे अधिक खतरा स्कूली बच्चों को बना रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!