विधायक निधि से अस्पतालों को मिलेगी एंबुलेंस

Spread the love

ऋषिकेश। ऋषिकेश और समीपवर्ती क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इस स्थिति में सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में एंबुलेंस की कमी पड़ने लगी है। समस्या का संज्ञान लेकर रविवार को विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश एसपीएस राजकीय चिकित्सालय और निर्मल आश्रम अस्पताल को एक-एक एंबुलेंस देने की घोषणा की है। रविवार को ऋषिकेश विधायक और विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने फोन के माध्यम से एसपीएस राजकीय चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजयेश भारद्वाज से कोरोना से निपटने के लिए अस्पताल में व्यवस्थाओं एवं प्रबंध के संबंध में जानकारी ली। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने विधानसभा अध्यक्ष को अवगत कराया कि राजकीय चिकित्सालय में वर्तमान में 20 कोविड बेड एवं 20 सामान्य बेड की व्यवस्था है। साथ ही टेलीमेडिसिन की भी सुविधाएं जनता को दी जा रही हैं। इसके बाद विस अध्यक्ष ने निर्मल आश्रम हास्पिटल के प्रशासनिक अधिकारी विक्रमजीत सिंह से वार्ता की और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश और निर्मल आश्रम अस्पताल के लिए आधुनिक उपकरणों से लैस एक-एक एंबुलेंस देने की घोषणा की। उन्होंने डीएम और एसडीएम से वार्ता कर एंबुलेंस के लिए जल्द धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *