कोटद्वार-पौड़ी

अनिल बलूनी ने तारामण्डल और माउण्टेन म्यूजियम की रखी आधारशिला

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख एवं गढ़वाल लोकसभा सीट के प्रत्याशी अनिल बलूनी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने पौड़ी में शुक्रवार को 20.98 करोड़ की लागत से बनने वाले तारामंडल और पर्वतीय संग्रहालय योजना का शिलान्यास किया। इस योजना के लिए अनिल बलूनी ने अपनी राज्य सभा सांसद निधि से पहली किश्त के रूप में 15 करोड़ की धनराशि दी है। यह तारामंडल देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत को समर्पित्त किया गया। अनिल बलूनी ने अपने संबोधन में कहा कि इस परियोजना के आकार लेने के पश्चात संपूर्ण गढ़वाल क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। खगोल प्रेमियों के लिए यह आकर्षक स्थल बनकर उभरेगा। विद्यार्थियों के लिए भी जिज्ञासा का केंद्र बनेगा तथा इन सबसे इस क्षेत्र की आर्थिकी में बड़ा सकारात्मक बदलाव आयेगा। उन्होंने कहा कि परियोजना को पूर्ण करने के लिए किसी भी प्रकार से धनराशि की कमी नहीं होने दी जायेगी।
मुख्य अतिथियों ने सर्वप्रथम रांसी स्टेडियम में शहीद राइफलमैन जसवंत सिंह रावत की मूर्ति पर माल्यार्पण करते हुए उनकों श्रद्धांजलि दी। तत्पश्चात तारामण्डल व माउण्टेन म्यूजियम का भूमि पूजन कार्य संपन्न किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों से तारामण्डल और माउण्टेन म्यूजियम प्रोजेक्ट के प्रगति की जानकारी लेते हुए इसके निर्माण से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को पूर्ण करने को कहा। रामलीला मैदान में मुख्य कार्यक्रम स्थल पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि तारामण्डल और माउण्टेन म्यूजियम के साथ-साथ एक बड़ी लाइब्रेरी और मल्टी परपज हॉल भी निर्मित होगा। इसके लिए भूमि का हस्तांतरण भी हो चुका है। यह चारधाम यात्रियों को आकर्षित करने का बड़ा माध्यम बनेगा। स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि तारामण्डल और माउण्टेन म्यूजियम की आधारशिलाा रखने से आज का यह दिन जनपद के लिए एक ऐतिहासिक दिन है तथा इस परियोजना से पर्यटक को पंख लगेंगे जिससे स्थानीय क्षेत्रवासियों की आर्थिकी मजबूत होगी। इस दौरान विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी व रूद्रप्रयाग भरत चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, पूर्व विधायक मुकेश कोहली व शैलेन्द्र रावत, राज्य गौसेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अण्थवाल, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान सहित संबंधित लोग उपस्थित थे।

20.98 करोड़ से लागत से बनेगा तारामण्डल और माउण्टेन म्यूजियम
पौड़ी : तारामण्डल और माउण्टेन म्यूजियम मूल रूप से पर्यटन विभाग की योजना है। लोक निर्माण विभाग इसकी कार्यदायी संस्था है तथा वन विभाग व स्थानीय वन पंचायत के समन्वय से इसको आकार में लाया जायेगा। यह परियोजना मूलरूप से 20.98 करोड़ रूपये की लागत से तैयार होनी है तथा भविष्य में आवश्यकता के अनुरूप धनराशि में बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। इस परियोजना को सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है तथा शीघ्र ही निर्माण संबंधित अन्य औपचारिक्ताएं प्रारंभ की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!