जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : तेहरान में चल रही एशियन इंडोर एथलेक्टिस चैपिंयनशिप में पौड़ी की धावक अंकिता ध्यानी ने रजत पदक हासिल किया। अंकिता ने इस चैंपियनशिप की 3000 मीटर की दौड़ 9 मिनट 26 सैकेंड में पूरी की। यह प्रतियोगिता 17 फरवरी से शुरू हुई थी। अंकिता इन दिनों बेंगलूरु में इंडियन कैंप से कोचिंग कर रही है। धावक अंकिता ने बताया कि एशियन चैपिंयनशिप के साथ ही नेशनल गेम में 1500 मीटर की दौड़ में भी रजत पदक मिल चुका है।
अंकिता के एशियन एथलेक्टिस प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल करने पर यहां खेल प्रेमियों ने खुशी जताई है। धावक अंकिता कई अन्य प्रतियोगिताओं में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर चुकी है। खिलाड़ी अंकिता के नाम विभिन्न प्रतियोगिताओं में अभी तक एक दर्जन से अधिक स्वर्ण, करीब आधा दर्जन रजत और 3 कांस्य पदक है। अंकिता ध्यानी मूल रूप से पौड़ी जिले की तहसील लैंसडौंन के गांव मेरूड़ा की रहने वाली है। बीते साल सितंबर में बैंकाक में हुई एशियन चैपिंयनशिप की 5000 मीटर दौड़ में भी अंकिता ने कांस्य पदक जीता था। जबकि चाइना में आयोजित हुए 19वें एशियन गेम में आयोजित हुई 5000 मीटर की दौड़ी प्रतियोगिता में भी धावक अंकिता ध्यानी ने 5वां स्थान हासिल किया था। अंकिता ने वल्र्ड एथलेक्टिस यू-20 चैपिंयनशिप में भी हिस्सा लिया। मार्च 2023 में आयोजित हुई इंडियन ग्रॉड प्रिक्स की दो अलग-अलग 5 हजार दौड़ में अंकिता ने दो स्वर्ण पदक जीते थे। पौड़ी के जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने बताया कि अंकिता ने एथलेक्टिस चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन किया है।