जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। प्रदेश के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में लगभग 80 प्रतिशत प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों पर विगत कई वर्षों से पदोन्नतियां न होने से शैक्षिक व्यवस्था में प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
राजकीय शिक्षक संघ पौड़ी गढ़वाल के जिलाध्यक्ष जयदीप रावत व महामंत्री मनमोहन सिंह चौहान ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा कि हाईस्कूल के लगभग 400 प्रधानाध्यापक राजपत्रित श्रेणी-2 के पदों पर कार्यरत हैं, लेकिन सेवा शर्तों के नियमानुसार एक ही पद पर 5 वर्षों की सेवा पूर्ण करना होता है, लेकिन संबंधित शिक्षकों को अपने पद पर 5 वर्ष की सेवा पूर्ण न होने के कारण प्रधानाचार्य के पदों पर पदोन्नति नहीं हो पा रही है, जबकि पूर्व में शिथिलीकरण व्यवस्था के तहत प्रधानाचार्य पदों पर पदोन्नति की जाती थी। बाद में यह व्यवस्था समाप्त कर दी गई। उन्होंने पुन: शिथिलीकरण व्यवस्था लागू कर प्रधानाचार्य के सभी रिक्त पदों पर पदोन्नति करने की मांग की है। जिससे विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार होगा।