अस्पताल में गुल हुई बिजली, मोबाइल के टॉर्च से किया इलाज

Spread the love

कर्णप्रयाग। सिमली स्थित महिला बेस अस्पताल में सोमवार शाम से मंगलवार दोपहर तक करीब 22 घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी के कारण यह समस्या हुई और मरीजों व स्वास्थ्य कर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। चिकित्सकों को मोबाइल के टॉर्च की रोशनी में मरीज का उपचार करना पड़ा। शाम लगभग पांच बजे अस्पताल और विभागीय कर्मियों के आवासीय भवनों की बिजली गुल हो गई थी। ऊर्जा निगम के कर्मियों ने सोमवार शाम से ही बिजली लाइन में आए फॉल्ट का पता लगाना शुरू किया। मंगलवार दोपहर एक बजे कड़ी मशक्कत के बाद अस्पताल के निजी ट्रांसफार्मर की तकनीकी खामियां दूर की गईं। इसके बाद अस्पताल में आपूर्ति बहाल हो सकी। सोमवार रात्रि को नौ बजे आपातकालीन वार्ड में मरीज आया लेकिन लाइट नहीं होने के कारण डॉ. अवधेश को मोबाइल के टार्च से उपचार करना पड़ा। ऊर्जा निगम के उपमंडल अधिकारी परवेज आलम ने पुष्टि की कि महिला बेस अस्पताल के निजी ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी थी। उन्होंने बताया कि निगम के कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार दोपहर को विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी है।
डॉ. जसवंत को मिलेगा वैश्विक शिक्षक रत्न अवॉर्ड
गोपेश्वर। चमोली के शिक्षाविद डॉ. जसवंत लाल को शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान, शैक्षणिक उन्नयन और शिक्षा के प्रति समर्पित सेवाओं के लिए वैश्विक शिक्षक रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह अवॉर्ड आगामी 20 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन जयंती समापन महोत्सव के समारोह में प्रदान किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच की ओर से 25 राष्ट्रों के सानिध्य में आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक सम्मेलन एवं विचार प्रजेंटेशन 2026 के अंतर्गत डॉ. जसवंत लाल को यह अवॉर्ड दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *