विधानसभा चुनाव : नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया संपन्न

Spread the love

-अंतिम दिन 28 प्रत्याशियों ने दाखिल किए नामांकन पत्र
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : विधानसभा चुनाव को लेकर 21 जनवरी, 2022 से शुरू हुई नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुक्रवार को संपन्न हो गई। अंतिम दिन 28 प्रत्याशी नामांकन पत्र जमा कर चुनावी रण में कूद पड़े।
शुक्रवार को अंतिम दिन यमकेश्वर विधानसभा से कांग्रेश प्रत्याशी शैलेंद्र सिंह रावत, आम आदमी पार्टी से सुमति देवी, अविरल, कोटद्वार विधानसभा से निर्दलीय धीरेंद्र सिंह चौहान, भाजपा प्रत्याशी ऋतु भूषण खंडूड़ी, उत्तराखंड क्रांति दल के मुकेश रावत, बहुजन मुक्ति पार्टी के सतीश चंद्र, बहुजन समाज पार्टी के विकास कुमार, राइट टू रिकॉल पार्टी के आकाश नेगी, निर्दलीय प्रकाश चंद्र टम्टा, लैंसडौन विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी अनुकृति गुसाईं, आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी डबल सिंह रावत, निर्दलीय नरेंद्र रावत व ममता देवी, चौबट्टाखाल विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी केशर नेगी, श्रीनगर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल, समाजवादी पार्टी से सुभाष नेगी, बहुजन समाज पार्टी से बिरेंद्र कुमार, एसयूसीआई पार्टी से संदीप कुमार, अखंड भारत विकास पार्टी से गणेश लाल तथा पौड़ी विधानसभा से आम आदमी पार्टी के मनोहर लाल पहाड़ी, मनोरथ निराला, उत्तराखंड क्रांति दल के पूनम टम्टा, समाजवादी पार्टी के राजेंद्र प्रसाद, बहुजन समाज पार्टी के रमेश चंद्र, उत्तराखंड जन एकता पार्टी के ओंकार सिंह, निर्दलीय से भारत लाल व नरेश कुमार ने नमांकन पत्र जमा किए।

गढ़वाल की सभी विधानसभा सीटों के लिए जमा हुए 57 नामांकन पत्र
जनपद पौड़ी गढ़वाल के समस्त विधानसभा सीटों के लिए 57 नामांकन पत्र जमा किए गए हैं। पौड़ी विधानसभा के लिए 11, कोटद्वार विधानसभा के लिए 13, चौबट्टाखाल विधानसभा के लिए 11, यमकेश्वर विधानसभा के लिए 6, लैंसडौन विधानसभा के लिए 8 और श्रीनगर विधानसभा के लिए 8 नामांकन पत्र जमा हुए हैं। वहीं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने नामांकन कक्षों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आज शाम तक वीडियोग्राफी रिपोर्ट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अभी तक हुए नामांकन की जानकारी भी ली। कहा कि प्रत्याशियों द्वारा जमा किये गए नामांकन पत्रों को सही रूप से रखना सुनिश्चित करें। इसके अलावा उन्होंने एमसीएमसी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सोशल मीडिया की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि समस्त कंट्रोल रूम में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखना सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *