श्रीनगर गढ़वाल : शहर में राहगीरों की सुविधा के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बनाए गए फुटपाथ अतिक्रमण की भेंट चढ़ गए हैं। कहीं दोपहिया और बड़े वाहन खड़े हैं तो कहीं फड़-ठेलियों का कब्जा है। ऐसे में पैदल चलने वालों को फुटपाथ छोड़कर सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने के साथ ही यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

शहरी क्षेत्र में सड़क किनारे बने स्लैब पर बेतरतीब खड़े वाहन और फड़-ठेलियां लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। यात्राकाल और वीकेंड के दौरान वाहनों का दबाव बढ़ने पर यह जाम का कारण भी बनते हैं। वहीं राहगीरों को हर समय वाहनों की आवाजाही के बीच दुर्घटना का खतरा बना रहता है। नगर निगम की ओर से अतिक्रमण हटाने के लिए समय-समय पर अभियान चलाए जाते हैं। पुलिस भी चालान करती है। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हट रहा है। वहीं तहसीलदार दीपक भंडारी का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग लोनिवि के साथ मिलकर अतिक्रमण को लेकर शीघ्र ही संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा। जिन स्थानों पर अतिक्रमण अथवा फड़ ठेलियों का संचालन हो रहा है उसे वहां से हटाया जाएगा। (एजेंसी)