बार एसोसिएशन ने खोला उपजिलाधिकारी के खिलाफ मोर्चा

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कुछ दिन पूर्व देवी मंदिर की संपत्ति को सीज किए जाने के विरोध में बार एसोसिएशन कोटद्वार ने उपजिलाधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कहा कि धार्मिक स्थलों में इस तरह की कार्रवाई किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी के स्थानांतरण की मांग उठाई।
सोमवार को बार एसोसिएशन ने तहसील परिसर में धरना दिया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नागेंद्र प्रसाद जोशी ने कहा कि कुछ दिन पूर्व प्रशासन की टीम ने देवी मंदिर के दानपात्र व अन्य संपत्ति को सीज कर दिया था। जबकि उक्त मामले की सुनवाई की तिथि 15 सितंबर को नियत की गई थी। कहा कि उपजिलाधिकारी की इस एकतरफा कार्यवाही का बार संघ विरोध करता है। कहा कि जब तक उपजिलाधिकारी का स्थानांतरण नहीं हो जाता, आंदोलन जारी रहेगा। एसोसिएशन ने मांग पूरी नहीं होने पर न्यायिक कार्यों से विरक्त रहने की भी चेतावनी दी। धरने में आशुतोष देवरानी, अनिल खंतवाल, राजीव पटवाल, सुधाकर बडोला, रोहित कबटियाल, पंकज चमोली सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *