जल्द बनकर तैयार होगा बजरंग सेतु

नई टिहरी : मुनिकीरेती क्षेत्र में गंगा नदी पर निर्माणाधीन बजरंग सेतु का 75 फीसदी से अधिक कार्य पूरा हो गया है। जिससे उम्मीद है कि जल्द पुल बनकर तैयार हो जाएगा। बजरंग सेतु बनने से ऋषिकेश आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। जिले के पर्यटन में भी आशातीत वृद्धि होगी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि नरेंद्रनगर विधानसभा में मुनिकीरेती क्षेत्र में गंगा नदी पर 132.30 मीटर स्पान के बजरंग सेतु का का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। सीएम घोषणा में शामिल इस पुल का निर्माण केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि के तहत किया जा रहा है। जिसमें पुल और इसके विद्युतीकरण कार्य के लिए सरकार ने करीब 68.88 करोड़ रूपये स्वीकृत किए हैं। यह पुल प्रसिद्ध लक्ष्मण झूला पुल के समीप बनाया जा रहा है। पुल की चौड़ाई 8 मीटर है। डीएम ने बताया कि पुल बनने से मुनिकीरेती क्षेत्र में पर्यटन और ज्यादा बढ़ जाएगा। पैदल यात्रियों के लिए ग्लास डेक पुल पर बनाया जाएगा। 1929 में बने लक्ष्मण झूला पुल को यातायात के लिए असुरक्षित बताया गया। जिसके बाद सुरक्षा की दृष्टि से पुल पर वाहनों की आवाजाही बंद कराई गई। बजरंग सेतु को लक्ष्मण झूला पुल के विकल्प के रूप में तैयार किया जा रहा है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *