Uncategorized

बारिश के चलते 14 सड़कों पर बाधित हुआ यातायात

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

बागेश्वर। मानसूनी बारिश का कहर जिले की सड़कों पर टूटा है। एक दर्जन से अधिक सड़कें भूस्खलन, मलबा और पेड़ गिरने के चलते बंद हो गई हैं। कपकोट, कांडा और दुग नाकुरी तहसील में कई सड़कों के बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कई दिनों से बंद सड़कों के नहीं खुलने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को जान जोखिम में डालकर पैदल यात्रा करने को मजबूर होना पड़ रहा है। रविवार रात से सोमवार सुबह तक जिले में लगातार बारिश होती रही। जिसके चलते छोटे गधेरे और नाले उफान पर आ गए। जंगलों से निकलने वाला पानी रोडों पर बहने लगा। जिससे कई सड़कों पर भूस्खलन और मलबा भर गया। कपकोट मोटर मार्ग पर भी गोलना और दणों के पास मलबे और गधेरे से मुख्य सड़क पर यातायात बाधित हुआ। कांडा धार के पास मुख्य रोड पर विशालकाय पेड़ गिर गया। जिससे रोड पर दोनों तरफ से गाड़ियों की कतार लग गई। वहीं बागेश्वर-दोफाड़-धरमघर रोड पर किमी किमी 11 और 62 पर मलबा आने से यातायात ठप हो गया। इसके अलावा कपकोट-पिंडारी मोटर मार्ग, कोटमन्या-महरूढ़ी, शामा-नौकोड़ी और धैना मोटर मार्ग भी बारिश के चलते बंद है। इधर कई दिनों से बंद कपकोट-शामा-तेजम, शामा-लीती-गोगिना, कमेड़ीदेवी-भैसुड़ी, हरसीला-पुड़कूनी, नामतीचेटाबगड़, खड़लेख-भनार, रिखाड़ी-वाछम, धरमघर-माजखेत, तोली और बघर मोटर मार्ग को भी अब तक खोला नहीं जा सका है। जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार होती बारिश और बंद सड़कों ने बिचला दानपुर के क्षेत्र में दुश्वारियां बढ़ा दी है। लोग जरूरी काम के लिए बाजार या तहसील मुख्यालय आने के लिए मीलों पैदल चलने को मजबूर हैं।
सरयू में बहे युवक को जल पुलिस ने बचाया, अस्पताल में भर्ती
बागेश्वर। सोमवार को एक युवक उफनाई सरयू नदी में बहने लगा। उसे बहते देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जल पुलिस ने उसे बागनाथ मंदिर के पास से निकाल लिया। युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गापानी निवासी विशन राम 30 साल पुत्र नारायण राम सुबह के समय सरयू नदी में बहने लगा। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्य और भाजपा नेता इंद्र सिंह फर्स्वाण ने उसे बहता देखा और तत्काल पुलिस को इत्तला की। सूचना मिलते ही पुलिस सतर्क हो गई। बागनाथ मंदिर के पास तैनात जल पुलिस ने युवक को सरयू पुल के पास से बाहर निकाला। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!