राहुल द्रविड़, मिताली राज और रोजर बिन्नी को बीसीसीआई देगा लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान

Spread the love

नईदिल्ली, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड दिल्ली में अपना एनुअल अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन करेगी। इस दौरान राहुल द्रविड़, मिताली राज और रोजर बिन्नी को कर्नल सी के नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान से नवाजा जाएगा। वहीं, शुभमन गिल को सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी (पुरुष) के अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। महिला खिलाड़ियों में ये अवॉर्ड स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना को मिलेगा। इरा जाधव को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी (घरेलू) के रूप में जगमोहन डालमिया ट्रॉफी दी जाएगी।
शफाली वर्मा को 2024-25 सीजन के लिए घरेलू वनडे में बेहतरीन महिला खिलाड़ी के रूप में जगमोहन डालमिया ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, मुंबई के आयुष म्हात्रे को 2024-25 सीजन में घरेलू लिमिटेड ओवर प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर के लिए लाला अमरनाथ पुरस्कार मिलेगा। इसके साथ ही विदर्भ के हर्ष दुबे को रणजी ट्रॉफी में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर के रूप में लाला अमरनाथ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। ये पुरस्कार खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को मान्यता देते हैं।
नमन अवार्ड्स 2026 की सबसे खास बात भारत की सभी 5 आईसीसी ट्रॉफी विजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा। बीसीसीआई वरिष्ठ पुरुष टीम (आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप 2026 विजेता), वरिष्ठ महिला टीम (आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 विजेता), पुरुष अंडर-19 टीम (आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2026 विजेता) और महिला अंडर-19 टीम (आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2025 विजेता) को सम्मानित करेगा। यह सम्मान भारतीय क्रिकेट की वैश्विक सफलता का जश्न है।
साल 2025 में गिल ने भारतीय टीम के लिए 9 टेस्ट मैच खेले और इसकी 16 पारियों में 70.21 की उम्दा औसत के साथ 983 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 5 शतक और 1 अर्धशतक निकला। पिछले साल 11 वनडे पारियों में उन्होंने 49 की औसत से 490 रन बनाए थे, जिसमें 2 शतक और 2 अर्धशतक शामिल थे। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 15 पारियों में 24.25 की खराब औसत के साथ सिर्फ 291 रन बनाए थे।
द्रविड़ ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में रनों का अम्बार लगाया था। अपने टेस्ट करियर में उन्होंने 13,288 रन और वनडे करियर में 10,889 रन बनाए थे। संन्यास लेने के बाद द्रविड़ को 2021 में रवि शास्त्री की जगह पर सीनियर भारतीय टीम का प्रमुख कोच बनाया गया था। उनके कोचिंग कार्यकाल में भारतीय टीम वनडे विश्व कप 2023 में ऑस्ट्रेलिया से हारकर उपविजेता रही थी। इसके बाद 2024 में खेले गए टी-20 विश्व कप में विजेता बनी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *