भगवान रुद्रनाथ के कपाट खुलने से पूर्व यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर हुई बैठक

Spread the love

चमोली। हिमालय के पंच केदारों में एक रुद्रनाथ के कपाट खुलने से पूर्व यात्रा व्यवस्थाओं की तैयारी को लेकर प्रशासन सहित वन विभाग, चिकित्सा समेत सभी विभागों और मंदिर और यात्रा मार्ग के हकहकूकधारियों की बैठक आहूत की गई। जिसमें जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने यात्रा व्यवस्थाओं के सफल संचालन, सुरक्षा, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, सड़क, सफाई आदि पर फीडबैक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। इस बार भगवान रुद्रनाथ के कपाट 19 मई को खुलेंगे। जिलाधिकारी ने वन विभाग के अधिकारियों को यात्रा मार्ग के साथ-साथ लाउडस्पीकर और शराब प्रतिबंधित के साइनबोर्ड लगाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी को यात्रा मार्ग पर मेडिकल स्टाफ रखने तथा वालंटियरों को ट्रेनिंग देने हेतु निर्देशित किया। मंदिर के पुजारियों ने यात्रा में आ रही दिक्कतों मुख्य रूप से मन्दिर में पानी की व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत आदि के बारे में जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सारी व्यवस्थाएं दुरस्त करने हेतु निर्देशित किया और बताया कि अप्रैल मध्य में अगली बैठक ली जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुण चौधरी, प्रभागीय वनाधिकारी केदारनाथ इन्द्र सिंह नेगी, सीएमओ एसपी कुडियाल, पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा, आपदा प्रबन्धन अधिकारी एनके जोशी, मुख्य पुजारी हरीश भट्ट, अरविन्द भट्ट सहित सभी संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *