गुमशुदा युवक की बरामदी को किया थाने का घेराव

Spread the love

बागेश्वर। नौकरी की तलाश में घर से निकले बिनखोली निवासी युवक का आज तक पता नहीं चल पया है। चार दिन पहले गुमशुदगी लिखने के बाद भी पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है। इस बात से नाराज लोग थाने में धमक गए। उन्होंने पुलिस जल्द युवक का पता लगाने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। पुलिस ने आश्वासन देकर ग्रामीणों को किसी तरह शांत किया। बिनखोली निवासी मुकेश कुमार समेत क्षेत्र के लोग शनिवार को बैजनाथ थाने में पहुंचे और थाने का घेराव किया। ग्रामीणों का कहना है कि 26 वर्षीय योगेश पुरी पुत्र महेश पुरी नौकरी के लिए घर से निकला। दो सितंबर की रात नौ बजे उनकी उससे बात हुई। तब उसकी लोकेशन ऋषिकेश थी। उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। उसकी गुमशुदगी पुलिस में सात सितंबर को लिखाई। तब से लेकर आज तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। इस पर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। उन्होंने युवक पता नहीं चलने पर 14 सितंबर से उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर पूर्व प्रधान दया गोस्वामी, मोहनी गोस्वामी, ग्राम प्रधान कोठो कैलाश गोस्वामी, ग्राम प्रधान फूलवारी गुठ राजेन्द्र गिरि, देवेंद्र गोस्वामी, राम पुरी, देवनाथ आदि मौजूद रहे। पुलिस ने ग्रामीणों को बताया कि वह सभी जिलों के थानों के संपर्क में है। युवक की खोज के लिए लगातार प्रयास चल रहा है। इसके बाद ग्रामीण अपने घरों को रवाना हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *