सामाजिक संस्थाओं के अध्यक्षों को सम्मानित किया
ऋषिकेश। विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के अध्यक्षों को सम्मानित किया। उन्होंने महान दार्शनिक स्वामी विवेकानंद के जीवन के बारे में बताया। शनिवार को बैराज स्थित कैंप कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर विस अध्यक्ष ने सेवा कार्यों एवं संस्कृति, संस्कारों को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहे विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के अध्यक्षों को सम्मानित किया। कहा कि आज ही के दिन 1893 में शिकागो में स्वामी विवेकानंद ने इतिहास रचकर देश का नाम रोशन किया था। उन्होंने सांप्रदायिकता, धार्मिक कट्टरता और हिंसा का मुद्दा बखूबी उठाया था। कहा कि सांप्रदायिकता और कट्टरता लंबे वक्त से धरती को अपने शिकंजे में जकड़े हुए है और पृथ्वी को हिंसा से भर दिया है। आज शिकागो में स्वामी विवेकानंद के मशहूर भाषण के सवा सौ साल से ज्यादा हो चुके हैं, लेकिन उन्होंने जिन मुद्दों पर प्रकाश डाला था वे आज भी मौजूद हैं। इस दौरान विस अध्यक्ष ने लायंस क्लब देवभूमि ऋषिकेश के अध्यक्ष विशाल, लायंस क्लब डिवाइन के अध्यक्ष जगमीत सिंह, लायंस क्लब रॉयल के अध्यक्ष हिमांशु अरोड़ा, रोटरी क्लब ऋषिकेश सेंटर के अध्यक्ष संजय, रोटरी क्लब ऋषिकेश के अध्यक्ष रवि कौशल, व्यापार सभा के अध्यक्ष मनोज कालरा, भारत स्वाभिमान ट्रस्ट से सुनीता खंडूड़ी, लायंस क्लब से गोपाल नांरग, सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर संगठन के अध्यक्ष कृष्ण अग्रवाल को शाल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।