खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, प्रमुख सजवाण ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल में वार्षिक क्रीड़ा समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर छात्र वर्ग में पवन कुमार और छात्रा वर्ग में शालिनी को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया।

समारोह में लैंसडौन विधायक के प्रतिनिधि के रूप में मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख रणवीर सजवाण, विशिष्ट अतिथि पूर्व उप प्रमुख जयशंकर ढौंडियाल एवं दिगम्बर सिंह रावत उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. एल.आर. राजवंशी ने की। क्रीड़ा प्रभारी डॉ. अजय रावत के संयोजन में आयोजित समारोह का संचालन डॉ. उमेश ध्यानी ने किया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा और शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़ छात्र वर्ग में पवन कुमार और छात्रा वर्ग में शालिनी प्रथम रहे, 200 मीटर दौड़ में मोहित और शालिनी ने अपने-अपने वर्ग में बाजी मारी। 800 मीटर दौड़ में आदित्य और किरण पहले स्थान पर रहे। लंबी कूद में सोनिया और पवन, जबकि ऊंची कूद में आदित्य और किरण ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गोला फेंक में पवन और शालिनी, चक्का फेंक में आदित्य और किरण अपने-अपने वर्ग में अव्वल रहे। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख रणवीर सजवाण ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं। पढ़ाई के साथ खेलों में भागीदारी भी जरूरी है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. एल.आर. राजवंशी ने कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। खेलों में सहभागिता से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
खेल प्रतिभा को मंच प्रदान करना हमारा उद्देश्य
क्रीड़ा प्रभारी डॉ. अजय रावत ने कहा कि वार्षिक क्रीड़ा समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच प्रदान करना तथा उनमें खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना है। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये जीवन में संघर्ष करने, सामूहिकता और लक्ष्य प्राप्ति की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।