जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : स्थानीय कलाकारों के लोकगीत और लोकनृत्यों की बेहतरीन प्रस्तुतियों ने शरदोत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में सतरंगी छटा बिखेरी। इस दौरान प्रसिद्ध हास्य कलाकार संदीप छिलबट ने अपने चुटीले हास्य व्यंग से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। वहीं नवोदित हास्य कलाकार जितेंद्र जैरवाण ने अपनी दमदार प्रस्तुति दी। मंथन ग्रुप ने पिंडर घाटी के लोकनृत्य कुंवार पंडों, मुखौटा नृत्य, नृत्य गढ़ कत्थक की प्रस्तुति दी।

नगर पालिका की ओर से बीते मंगलवार को शहर के रामलीला मैदान में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में गढ़ज्योति सांस्कृतिक कला मंच, रस्यांण ग्रुप और मंथन ग्रुप के कलाकारों ने चांचरी, तांदी, झुमैलो आदि लोकनृत्यों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा गोरिल कंडोलिया की स्तुति से हुई। इसके बाद वीर भड़ जीतू बगड़वाल पर आधारित भावपूर्ण नृत्य नाटिका, पहाड़ की नारियों के सौंदर्य आभूषणों के विवरण पर कलाकारों ने प्रस्तुति दी। पहाड़ की नारी के कठिन दिनचर्या को प्रस्तुत करता नृत्य कांधी मा धरली राधा… खैरी की गंज्याली राधा… ने दर्शकों की खूब ताली बटोरी। रस्यांण ग्रुप के आर्केस्ट्रा बैंड ने पहाड़ी संस्कृति पर आधारित शिव स्तुति शिवजी त्रिपुरारी…और सर्ग तारा जुन्याली राता…, नवोदित गायिका मानसी ने सुतरा की दोली…, मेरु बाजू रंगा… और युवा गायक प्रशांत ने सरुली मेरु जिया लगीगै… आदि गीतों पर दर्शक भी जमकर थिरके। कार्यक्रम का उद्घाटन अध्यक्ष व्यापार सभा विनय शर्मा ने किया। इस मौके पर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, पूर्व जिपं अध्यक्ष केसर सिंह नेगी, सचिव व्यापार सभा देवेंद्र सिंह रावत, कोषाध्यक्ष दिलवर भंडारी, गणेश खुगशाल गणी आदि मौजूद रहे।