भारत में महिलाओं का इतिहास रहा है समृद्ध: एसएसपी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी।
जनपद मुख्यालय पौड़ी व आसपास के क्षेत्रों में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस धूमधाम से मनाया गया। विभिन्न कार्यक्रमों में महिला दिवस, उसके महत्व, वर्तमान में महिलाओं की स्थिति, सरकार की ओर से महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं व महिलाओं की भूमिका पर जानकारी दी गई। वहीं एक कार्यक्रम में हलदर महिला के नाम से प्रसिद्ध कौशल्या देवी सहित विभिन्न महिलाओं को बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
बिजाल सामाजिक संस्था की ओर से जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ एसएसपी पौड़ी पी. रेणुका देवी ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारे देश में महिलाओं को इतिहास समृद्ध रहा है। यहां हलदर महिला कौशल्या देवी, पूनम कैंतुरा, कवियत्री डॉ. ऋतु सिंह को सम्मानित किया गया। महिलाओं ने थड़िया, चौफला आदि की शानदार प्रस्तुति दी। संस्कृति भवन प्रेक्षागृह में समर्थ नारी, समर्थ भारत संस्था की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सरिता शर्मा अरोड़ा व एसएसपी पौड़ी पी. रेणुका देवी ने किया। कार्यक्रम में आयोजित गढ़वाली परिधान प्रतियोगिता में सावित्री मंमगाई प्रथम व ऊषा पांडेय द्वितीय स्थान पर रही। कीर्तन प्रतियोगिता में बाल्यो कीर्तन मंडली प्रथम, बैंज्वाड़ी की जय कंडोलिया कीर्तन मंडली ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। चिकित्सा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 3 महिला पुलिस कर्मी, 3 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, 3 महिला ग्राम प्रधान, 6 आशा कार्यकर्ताओ को सम्मानित किया गया। कल्जीखाल ब्लाक मुख्यालय में आईएलएसपी की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख बीना राणा ने किया। गढ़वाली व्यंजन प्रतियोगिता में बिलखेत की यशोदा देवी, परंमपरागत परिधान में विनीता चंदोला, गढ़वाली भाषण में सुनीता देवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कंडोलिया पार्क में युवा कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। राजकीय महाविद्यालय थलीसैण में आयोजित कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, दशा व दिशा विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में दिव्या पोखरियाल प्रथम, अंजलि द्वितीय व आकांक्षा तृतीय स्थान पर रही। ब्लाक सभागार खिर्सू में आयोजित कार्यक्रम में कोविड काल में बेहतर कार्य करने वाली आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओ, महिला समूहों, प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्यों को सम्मानित किया गया। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्रीनगर गणेश गोदियाल, परिसर निदेशक पौड़ी प्रो. आएस नेगी, संजय डबराल, बिजाल संस्था की अध्यक्ष सरिता नेगी, समर्थ नारी समर्थ भारत की प्रदेश अध्यक्ष कुसुम चमोली, जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस कमला रावत, प्रमुख पौड़ी दीपक कुकसाल, प्रमुख खिर्सू भवानी गायत्री आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *