भारतीय किसान यूनियन किसान उत्थान ने दिया मातृ सदन के आंदोलन को समर्थन

Spread the love

गंगा रक्षा के लिए जीवन समर्पित किया मातृसदन के संतों ने-इरशाद अली
हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन किसान उत्थान के जिलाध्यक्ष विनोद कश्यप के नेतृत्व में किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने जगजीतपुर स्थित मातृ सदन के अध्यक्ष स्वामी शिवानंद महाराज से भेंटवार्ता की और मातृ सदन के आंदोलन में हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया। इस मौके पर भाकियू किसान उत्थान के जिला अध्यक्ष विनोद कश्यप ने कहा कि मातृ सदन सत्य और न्याय की लड़ाई लड़ने के लिए विख्यात है। गंगा की पवित्रता, निर्मलता और अविरलता के साथ गंगा में अवैध खनन के खिलाफ स्वामी शिवानंद के नेतृत्व में लगातार संघर्ष जारी है। खनन माफियाओं के दवाब में आकर शासन प्रशासन ने भी मातृ सदन का साथ नहीं दिया। इसके परिणाम स्वरूप मातृ सदन के संतों को प्राणों की आहुति भी देनी पड़ी है। लेकिन मातृ सदन अपने निर्णय पर अडिग है। ऐसे में भारतीय किसान यूनियन किसान उत्थान के कार्यकर्ताओं ने मातृ सदन के आंदोलन में समर्थन का ऐलान किया है। किसान उत्थान के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इरशाद अली ने कहा कि मातृ सदन का इतिहास रहा है कि वे अन्याय के सामने नहीं झुके। खनन माफियाओं का लोभ और शासन प्रशासन के दवाब के बावजूद आंदोलन जारी रखा। हर बार सरकार को ही मातृ सदन की मांगों को मानने के लिए विवश होना पड़ा। उन्होंने कहा मातृ सदन के संत ही वास्तविक संत हैं। जिन्होंने गंगा रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया है। ऐसे संतों को समर्थन देना उनके लिए गौरव की बात है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी पाल, युवा प्रदेश अध्यक्ष अग्रज मिश्रा, राष्ट्रीय सलाहकार यशपाल सिंह, प्रदेश प्रवक्ता ए़ए़खान, प्रदेश सचिव शाहनवाज शाह, प्रदेश संयोजक राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी, मुकेश कुमार, सैफ अली, शहीद हसन, संजय पाल, गोविंद आदि किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *