जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : समाज सेवी लीलानंद लखेड़ा की स्मृति में रिखणीखाल के राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में बॉलीवॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में भयांसू व जूनियर वर्ग में कोटनाली प्रथम रहे।
रिखणीखाल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने किया। उन्होंने समाजसेवी लीलानंद लखेड़ा के कार्यों की सराहना की है। कहा कि उनके नाम पर खेल गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है। इसी प्रकार से उन्होंने क्षेत्र की महिला मंगल दलों के माध्यम से दी गई प्रस्तुतियों की भी सराहना की। कहा कि महिलाएं अब समाज का महत्वपूर्ण अंग बन गई है। कहा कि महिलाएं संस्कृति व सभ्यता के संरक्षण व संवद्र्धन का कार्य कर रही है। वालीबाल प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग का फाइनल मुकाबला भयांसू व किमगाड़ के मध्य खेला गया, जिसमें भयांसू ने किमगाड़ को 25-22, 25-18 से पराजित किया। जूनियर वर्ग में फाइनल मुकाबला कोटनाली व सिद्धखाल के मध्य खेला गया, जिसमें कोटनाली ने सिद्धखाल को 21-18, 21-15, 21-14 से परास्त कर ट्राफी अपने नाम की। इसके अलावा महिला मंगल दलों की सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिला मंगल दल सिरवाणा प्रथम, बगेड़ा द्वितीय व वल्सा तृतीय रहे। बौद्धिक प्रतियोगिता में इंटर कालेज रिखणीखाल, सिद्धखाल, चौकड़ी, कंचनखेत, खनेताखाल, डाबरी व कुलानीखाल के छात्रों ने प्रतिभाग किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को प्रधानाचार्य वीपी कोहली व आयोजन समिति की तरफ से पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर महानंद ध्यानी, जयकृष्ण लखेड़ा, संतोषी देवी, शालनी बलोधी, मोहन सिंह नेगी, पल्लवी अमोला, हरिकृष्ण लखेड़ा, दीपक लखेड़ा, चंद्रशेखर ध्यानी मौजूद रहे।