भुक्की गांव में ट्रॉली तक का मार्ग क्षतिग्रस्त

उत्तरकाशी। भटवाड़ी ब्लॉक के भुक्की गांव में अतिवृष्टि से कृषि उपज के परिवहन के लिए बनी ट्रॉली का करीब 100 मीटर पहुंच मार्ग और बेस के समीप स्थित सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे ग्रामीणों के सामने आलू, राजमा, चौलाई समेत अन्य कृषि एवं बागवानी उत्पादों के परिवहन की समस्या खड़ी होने लगी है। इस संबंध में ग्राम प्रधान ने कृषि विभाग के सचिव को पत्र भेजकर जल्द निर्माण कार्य कराने की मांग की है। ग्राम प्रधान महेंद्री रावत ने बताया कि गांव में ट्रॉली के माध्यम से ग्रामीण अपनी कृषि उपज और अन्य उत्पादों का परिवहन करते हैं। ट्रॉली तक पहुंचने वाला मार्ग क्षतिग्रस्त होने और बेस के समीप सुरक्षा दीवार टूटने से इसके संचालन में दिक्कतें आ सकती हैं। बताया कि अक्तूबर से कृषि उपज के परिवहन का काम शुरू होना है। ऐसे में मार्ग और सुरक्षा दीवार की मरम्मत समय पर नहीं हुई तो ग्रामीणों को अपनी उपज के परिवहन और विपणन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
ग्राम प्रधान ने विभागीय सचिव से निर्माण कार्य जल्द स्वीकृत कराने और क्षतिग्रस्त मार्ग व सुरक्षा दीवार का निर्माण कराने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *