हल्द्वानी। पूर्व सैनिक संगठन ने रविवार को बैठक कर बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की मांग की। इस दौरान गांव में सीएसडी कैंटीन खोलने पर जोर दिया गया। पूर्व सैनिकों की बैठक पुराना बिंदुखता में आयोजित की गई। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने के लिए वर्तमान विधायक और राज्य सरकार ने आश्वासन दिया था परंतु अब तक इस दिशा में भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पूर्व सैनिकों ने कहा कि लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाले समस्त पूर्व सैनिकों से संपर्क कर सब को सूचीबद्ध किया जायेगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा में 5000 से अधिक पूर्व सैनिक परिवार रहते हैं जिसमें से पूर्व सैनिक संगठन ने अब तक 2306 पूर्व सैनिकों को चिह्नित कर सूचीबद्ध किया है। जल्द ही पूरी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व सैनिकों की सूची बनाकर आवश्यक रणनीति तय की जाएगी। पूर्व सैनिक संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने घोषणा की थी कि शहीद स्मारक के समीप भव्य सैनिक जन मिलन केंद्र बनाया जाएगा, परंतु मुख्यमंत्री ने अपने चार साल के कार्यकाल में जन मिलन केंद्र का निर्माण नहीं किया जिससे पूर्व सैनिकों में असंतोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक संगठन की उक्त मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जायेगा। इस दौरान पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष खिलाफ सिंह दानू, कै. दलवीर सिंह कपोला, एडवोकेट बलवंत सिंह बिष्ट, चंचल सिंह कोरंगा, प्रताप सिंह, प्रकाश मिश्रा, शेखर उपाध्याय, इंदर सिंह पनेरी, कुंदन सिंह, गोपाल नेगी, गोपाल कन्याल, दलीप सिंह मेहरा, ललित जोशी, गोविंद फुलारा, खड़क नाथ गोस्वामी, कुंदन सिंह रावत आदि मौजूद रहे।