Uncategorized

दुष्कर्म के आरोपित नेता को भाजपा ने किया पार्टी से निष्कासित

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

हरिद्वार। दुष्कर्म के आरोपित भाजपा नेता को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अजय प्रताप सैनी पर दो दिन पहले एक विवाहिता ने नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए बहादराबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
विवाहिता का आरोप है कि भाजपा नेता ने उसकी नाबालिग बहन के साथ भी दुष्कर्म किया और ब्लैकमेल कर दोनों बहनों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पुलिस आरोपित अजय प्रताप सैनी की तलाश में जुटी हुई है। इस बीच भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ जयपाल सिंह चौहान ने अजय प्रताप सैनी को पद मुक्त करने के साथ ही पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी निष्कासित कर दिया है। डॉक्टर जयपाल ने बताया कि अनैतिक आचरण और समाज में पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने के चलते अजय प्रताप सैनी पर कार्रवाई की गई है।
दुष्कर्म के आरोपित भाजपा नेता की गिरफ्तारी के लिए छापे
नाबालिग सहित दो बहनों से दुष्कर्म करने के आरोपित भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अजय प्रताप सैनी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने संभावित जगहों पर छापेमारी की। लेकिन वह हाथ नहीं आया। उसके करीबियों पर पुलिस की नजर है। बहादराबाद क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी विवाहिता ने पुलिस को तहरीर दी कि वर्ष 2018 में फैक्ट्री में नौकरी के सिलसिले में भाजपा नेता अजय प्रताप सैनी से उसकी मुलाकात हुई थी। उसने देहरादून में मंत्रियों से अपनी पहचान बताकर नौकरी लगवाने का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते हुए लंबे समय तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा, जिससे उसका एक बेटा भी पैदा हुआ। विवाहिता का आरोप है कि उसकी नाबालिग बहन के साथ भी आरोपित ने दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपित अजय प्रताप सैनी निवासी शांतरशाह, बहादराबाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। बहादराबाद थानाध्यक्ष संजीव थपलियाल ने बताया कि संभावित ठिकानों पर आरोपित की तलाश में दबिश दी गई है।
कई महिलाओं को बनाया शिकार: पीड़िता ने तहरीर में आरोप लगाया कि आरोपित अजय प्रताप सैनी ने कई और महिलाओं और युवतियों को नौकरी लगवाने का झांसा देकर अपनी हवस का शिकार बनाया है। पीड़िता ने ऐसी कुछ युवतियों और महिलाओं के नाम भी पुलिस को बताए हैं। एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!