श्रीनगर गढ़वाल : पर्वतीय क्षेत्रों में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेडिकल कॉलेज के मनोरोग विभाग की ओर से ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें रुद्रप्रयाग जिले के 29 चिकित्सा अधिकारियों और 18 आशा फैसिलिटेटरों सहित 51 चिकित्सा कर्मियों को मानसिक रोगों की पहचान, प्राथमिक उपचार और गंभीर मरीजों को रेफर करने का प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला में मनोरोग विभागाध्यक्ष डॉ. मोहित सैनी, डॉ. पार्थ दत्ता और डॉ. श्वेता कृष्णा ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी। डॉ. मोहित सैनी ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण लोगों को मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में चिकित्सा अधिकारियों को उपचार के लिए प्रशिक्षित करना जरूरी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी, जिला समन्वयक नागेश्वर प्रसाद मौजूद रहे। (एजेंसी)