नैनीताल। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह छोई गांव के किशनपुर पड़ाव में 58 वर्षीय महिला विमला देवी का शव घर से कुछ दूरी पर अद्र्धनग्न अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। परिजनों ने महिला की हत्या की आशंका जताते हुए गांव के ही एक युवक पर संदेह व्यक्त किया है।जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने घर से कुछ दूरी पर महिला का शव पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
पति की मौत के बाद अकेले
रहती थीं विमला देवी
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 58 वर्षीय विमला देवी के रूप में हुई है। उनके पति खिलाफ सिंह का पहले ही निधन हो चुका था। उनके पांचों बच्चे दूसरे शहरों में रहते हैं, जिसके चलते विमला देवी गांव स्थित अपने घर में अकेले रह रही थीं।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने गांव के ही एक युवक पर संदेह व्यक्त करते हुए पुरानी रंजिश की आशंका भी पुलिस के सामने रखी है। पुलिस ने परिजनों के आरोपों को जांच में शामिल कर लिया है। मृतका के बेटे भोपाल सिंह के बयान भी दर्ज किए गए हैं। हालांकि, अभी तक किसी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच की और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।सीओ रविकांत सेमवाल के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10:15 बजे महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि हत्या की आशंका सहित सभी संभावित पहलुओं और पुरानी रंजिश को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल महिला की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।