उपनल के खाते से जालसाजों ने उड़ाए 68.39 लाख रुपये

देहरादून। उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड (उपनल) के बैंक खाते को जालसाजों ने निशाना बनाकर 68.39 लाख रुपये निकाल लिए। जालसाजों ने फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचित चेकों के जरिये 14 बार में यह रकम दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर करा ली। इतना ही नहीं, इसी तरीके से 24.43 लाख रुपये और निकालने की कोशिश की गई, लेकिन बैंक की सतर्कता से यह रकम बच गई। मामले में पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक की शिकायत पर कोतवाली देहरादून में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। हाथीबड़कला स्थित पीएनबी की सर्वे ऑफ इंडिया शाखा के प्रबंधक मनीष शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उपनल का चालू खाता उनकी शाखा में संचालित है। 18 जून 2026 को उपनल की ओर से बैंक को सूचना दी गई कि 17 जून को क्लियरिंग के माध्यम से 14 अलग-अलग चेक लगाकर खाते से 68,39,500 रुपये निकाल लिए गए हैं। उपनल अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित चेक उनकी ओर से जारी नहीं किए गए थे और मूल चेकबुक भी सुरक्षित है।बैंक की जांच में सामने आया कि जाली चेकों के जरिये रकम अलग-अलग बैंकों में खोले गए खातों में भेजी गई। इनमें केनरा बैंक में एमएस एग्रो एंटरप्राइजेज, बैंक ऑफ बड़ौदा में सुप्रियो मुखर्जी, बैंक ऑफ इंडिया में सुभजीत मंडल और एसबीआई में सौरव विश्वास के खाते शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *