जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ में ढाई माह बीतने के बाद भी अल्ट्रासाउंड जांच सेवा शुरू नहीं हो सकी है। जिस कारण मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती न होने से मरीजों को जांच के लिए जिला अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य केंद्र में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती की मांग की है। उन्होंने कहा कि जनहित में जल्द से जल्द स्वास्थ्य केंद्र में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती की जानी चाहिए।

सीएचसी में पहले रोस्टर के अनुसार अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा उपलब्ध थी। एक रोस्टर में करीब 50 मरीजों की जांच की जाती थी। लेकिन 31 जुलाई को सीएमओ डॉ. शिवमोहन शुक्ला के सेवानिवृत्त होने के बाद से यह सेवा प्रभावित है। अल्ट्रासाउंड सेवा बंद होने का सबसे अधिक असर दूरदराज के गांवों से आने वाले मरीजों पर पड़ रहा है। जांच के लिए उन्हें जिला मुख्यालय जाना पड़ रहा है। वहीं, कई मरीजों को निजी अस्पतालों में महंगे दाम पर जांच करानी पड़ रही है। इससे खासकर गर्भवती महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ी क्षेत्र में पहले से ही स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के बीच अल्ट्रासाउंड सेवा बंद होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।