भाजपा ने प्रदेश महिला अध्यक्ष सहित 10 सिटिंग विधायकों के काटे टिकट

Spread the love

यमकेश्वर की सिटिंग विधायक रितू खंडूड़ी की जगह रेणू बिष्ट पर जताया भरोसा
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर प्रत्याशियों की पहली सूची तो जारी की, लेकिन इस सूची में भाजपा की प्रदेश महिला अध्यक्ष समेत 10 सिटिंग विधायकों के टिकट भी काट दिए हैं। इनकी जगह पार्टी ने अन्य चेहरों पर भरोसा जताया है। गढ़वाल की विधानसभा सीट यमकेश्वर की बात करें तो यहां भाजपा ने सिटिंग विधायक रितू खंडूड़ी की जगह रेणू बिष्ट को मैदान में उतारा है। अब यह देखना रोचक होगा कि रेणू बिष्ट पार्टी की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर जारी सूची में जातीय समीकरण के साथ महिला कैडर का भी पूरा ख्याल रखा है। सूची के अनुसार जातीय समीकरण देखें तो भाजपा ने तीन बनिया, 15 ब्राह्मण, 11 अनुसूचित जाति व एक अनुसूचित जनजाति के प्रत्याशी को मैदान में उतारा है। इसके अलावा पहली सूची में छह महिला प्रत्याशियों को मैदान में उतारकर भाजपा ने महिला वोटरों को भी साधने का प्रयास किया है। जिन विधानसभा सीटों पर महिला प्रत्याशियों को उतारा गया है उनमें नैनीताल, सोमेश्वर, पिथौरागढ़, यमकेश्वर, खानपुर, देहरादून कैंट सीट शामिल हैं। भाजपा जानती है कि आगामी विधानसभा चुनाव में महिला वोटर किसी भी प्रत्याशी की हार को जीत में बदल सकती हैं।

पौड़ी व यमकेश्वर सीट पर भाजपा ने खेला ऐसा दाव की मुकाबला बन गया है रोचक
भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव को लेकर पहली सूची जारी कर पौड़ी व यमकेश्वर में ऐसा दाव खेला है कि अब इन दोनों सीटों पर चुनावी संग्राम काफी रोचक बन गया है। ऐसा माना जा रहा था कि पौड़ी व यमकेश्वर में भाजपा विधायकों से कार्यकत्र्ता समेत आमजनता संतुष्ट नहीं थी, जिससे इन दोनों ही सीटों के विधायकों के खिलाफ सत्ता परिवर्तन की हवा बहने लगी थी। इन सभी समीकरणों को जोड़कर कांग्रेस भी पौड़ी व यमकेश्वर में खुद को काफी मजबूत स्थिति में देख रही थी। लेकिन, अब भाजपा ने पौड़ी से सिटिंग विधायक मुकेश कोली की जगह राज कुमार पोरी व यमकेश्वर से सिटिंग विधायक रितू खंडूड़ी की जगह रेणू बिष्ट को मैदान में उताकरण कांग्रेस को भी रणनीति बदलने पर मजबूर कर दिया है।

पौड़ी में भाजपा हाईकमान ने कार्यकत्र्ताओं व आमजन की सुनी आवाज
पौड़ी विधानसभा सीट पर भाजपा कार्यकत्र्ता समेत आमजन प्रत्याशी परिवर्तन की मांग उठा रहे थे। सभी राज कुमार पोरी की पैरवी करते हुए उन्हें चुनावी रण में उतरवाना चाहते थे। जिसका भाजपा हाईकमान ने पूरा सम्मान किया और राज कुमार पोरी को मैदान में उतारकर कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दीं। हालांकि 10 मार्च को घोषित होने वाला विधानसभा चुनाव का रिजल्ट ही बताएगा कि जनता हाथ से हाथ मिलाती है या फिर कमल खिलाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *